हिमाचल प्रदेश में बस पर टूटकर गिरा पत्थर, 18 लोगों की मौत; PMO ने सहायता राशि का किया ऐलान

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में मंगलवार शाम एक निजी बस के भूस्खलन की चपेट में आने से कम से कम 18 यात्रियों की मौत हो गई। यह दुर्घटना झंडुत्ता विधानसभा क्षेत्र के भालूघाट इलाके में हुई। 30-35 यात्रियों को लेकर बस मरोतन से घुमारवीं जा रही थी।

शिमला : हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में मंगलवार शाम एक निजी बस के भीषण भूस्खलन की चपेट में आने से कम से कम 18 यात्रियों की मौत हो गई। PTI के हवाले से अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना झंडुत्ता विधानसभा क्षेत्र के भालूघाट इलाके में हुई। 30-35 यात्रियों को लेकर बस मरोतन से घुमारवीं जा रही थी। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और बचाव अभियान जोरों पर है। अब तक मलबे से 18 शव निकाले जा चुके हैं। बचाव अभियान में लगे एक पुलिसकर्मी ने बताया कि पूरा पहाड़ बस पर गिर गया और यात्रियों के बचने की संभावना कम है।

यहां जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुखू ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है और अधिकारियों को बचाव अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। सोमवार से ही इस क्षेत्र में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। बिलासपुर के उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि फंसे हुए लोगों का पता लगाने और उनकी सहायता के लिए बचाव अभियान जारी है।

पीएमओ ने सहायता राशि की घोषणा की

प्रधानमंत्री कार्यलय (पीएमओ) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम मोदी के हवाले से लिखा, “हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में हुए एक हादसे में हुई जान-माल की हानि से दुखी हूं। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। पीएमओ ने पोस्ट में आगे लिखा, “प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे।”

सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जताया दुख

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री कार्यालय ने सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू के हवाले से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”बिलासपुर जिला के झंडूता विधानसभा क्षेत्र के बालूघाट (भल्लू पुल) के पास हुए भीषण भूस्खलन की खबर ने मन को भीतर तक झकझोर दिया है।

पोस्ट में आगे लिखा गया, ”रेस्क्यू ऑपरेशन युद्ध स्तर पर जारी है। अधिकारियों को पूरी मशीनरी लगाने के निर्देश दिए गए हैं। मैं स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हूं और पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की पल-पल की जानकारी ले रहा हूं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें और शोकाकुल परिवारों को संबल प्रदान करें। इस कठिन घड़ी में मैं सभी प्रभावित परिवारों के साथ हूं।”

राष्ट्रपति ने व्यक्त की संवेदना

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दुख जताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन के कारण हुई बस दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मैं संवेदना व्यक्त करती हूं और घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।

गृह मंत्री ने जताया शोक

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पोस्ट में लिखा, “हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में भूस्खलन के कारण हुए बस हादसे से मन अत्यंत दुखी है। एनडीआरएफ की टीमें घटना घटनास्थल पर पहुंच चुकी हैं और बचाव कार्य में लगी हैं। इस हादसे में जिन लोगों ने अपनों को खोया है, उनके प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। साथ ही, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

    जेपी नड्डा जताया दुख

    भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने लिखा, “हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के झंडूता क्षेत्र में हुए भीषण भूस्खलन में एक बस के चपेट में आने से कई लोगों के हताहत होने का समाचार अत्यंत दुखद है। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सूक्खू से दुर्घटना स्थल पर चल रहे राहत एवं बचाव कार्य की जानकारी ली।”

    उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल व भाजपा कार्यकर्ताओं को पीड़ितों की तत्काल सहायता में लगाने का अनुरोध किया और बिलासपुर एम्स प्रशासन को त्वरित उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जेपी नड्डा ने पोस्ट में आगे लिखा, “शोक संतप्त परिजनों के प्रति मैं गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं एवं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में आत्मबल प्रदान करें।