Bihar Election 2025: प्रशांत किशोर के बयान पर मचा बवाल, मंत्री ने भेजा मानहानि नोटिस

Bihar Assembly Election: बिहार के मंत्री अशोक चौधरी ने पूर्व चुनाव रणनीतिकार और जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर को मानहानि दावे का नोटिस भेजा है। प्रशांत किशोर ने उन पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है।

पटना: बिहार में पूर्व चुनाव रणनीतिकार और जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर को राज्य के मंत्री अशोक चौधरी ने 100 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भेजा है। यह नोटिस प्रशांत किशोर के उस आरोप पर भेजा गया है जिसमें उन्होंने अशोक चौधरी पर 200 करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया था। अशोक चौधरी प्रशांत किशोर बौखलाहट के कारण इस तरह के बयान दे रहे हैं।

प्रशांत किशोर ने शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंत्री अशोक चौधरी पर आरोप लगाया था कि उन्होंने अपनी बेटी और सांसद शम्भावी चौधरी और रिश्तेदारों के नाम पर 200 करोड़ रुपये की संपत्ति बनाई है। अशोक चौधरी नीतीश कुमार के करीबी माने जाते हैं। प्रशांत किशोर ने यह भी दावा किया था कि अशोक चौधरी ने हाल ही में 38 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां खरीदी हैं।

मंगल पांडे, सम्राट चौधरी और संजय जायसवाल पर भी आरोप

उन्होंने आरोप लगाया था कि कोविड-19 संकट के दौरान स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने दिल्ली में एक फ्लैट खरीदा, जबकि उनकी पत्नी के खाते में 2.12 करोड़ रुपये जमा किए गए। उन्होंने उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और सांसद संजय जायसवाल पर भी आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि इन दोनों ने भी हाल के वर्षों में आर्थिक लाभ लिया है। प्रशांत किशोर के आरोपों पर जेडीयू के नेता सीधे तौर पर कुछ भी कहने से बच रहे हैं। वे सिर्फ इतना कह रहे हैं कि जिस पर आरोप लगा है वह खुद जवाब दे।

बिहार में जनसुराज पार्टी अपना पहला चुनाव लड़ने वाली है। जनसुराज के प्रमुख अपने चुनाव प्रचार में एनडीए और इंडिया गठबंधन के नेताओं को लगातार निशाना बना रहे हैं। इसी बीच मंत्री अशोक चौधरी पर लगाए गए आरोप पर प्रशांत किशोर को 100 करोड़ रुपये का मानहानि का नोटिस मिल गया है। नोटिस में प्रशांत किशोर से बिना शर्त माफी मांगने की बात कही गई है।

अशोक चौधरी ने आरोपों को बेबुनियाद बताया

प्रशांत किशोर के आरोपों पर अशोक चौधरी का कहना है कि निराधार और भ्रामक आरोप प्रशांत किशोर की घबराहट और बौखलाहट का नतीजा हैं। चौधरी ने इससे पहले भी प्रशांत किशोर पर मानहानि का केस दायर किया था। इस मामले में प्रशांत किशोर को 17 अक्तूबर को अदालत में पेश होना है। अशोक चौधरी का कहना है कि कोर्ट में पेशी के लिए समन मिलने के बाद प्रशांत किशोर डर गए हैं। इसी कारण उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में झूठे आरोप लगाए हैं।

अशोक चौधरी ने कहा है कि प्रशांत किशोर का 200 करोड़ रुपये की संपत्ति का आरोप सरासर झूठ है। उन्होंने कहा कि यह उनकी बेटी, जो कि समस्तीपुर से सांसद है, की छवि बिगाड़ने की कोशिश है। बेनामी संपत्ति का आरोप पूरी तरह निराधार है। उन्होंने कहा कि, प्रशांत किशोर निराधार आरोपों के जरिए जनता को गुमराह कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *