Har Ghar Adhikar Rally कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी चंपारण में हर घर अधिकार रैली में शामिल होने निर्धारित समय से थोड़ी देरी से मोतिहारी पहुंच गई हैं। इस दौरान वह पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत करेंगी। बिहार विधानसभा चुनाव की घोषणा से ठीक पहले आयोजित इस रैली को तैयारी के रूप में देखा जा रहा है।

मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा है कि आप अपने भविष्य के लिए वोट करें। आप अपने बच्चों के उत्थान के लिए वोट करें। आप देश के संविधान की रक्षा के लिए वोट करें। प्रियंका मोतिहारी के गांधी मैदान में आयोजित हरघर अधिकार रैली के तहत लोगों को शुक्रवार की दोपहर संबोधित कर रही थीं।’
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गृहमंत्री अमित शाह को सत्ता लोभी करार देते हुए कहा कि देश में इन लोगों ने धर्म व नफरत की राजनीति कर वोट लिया और सत्ता में रहे। महागठबंधन व कांग्रेस देश में संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही है। बिहार की जनता पिछले बीस साल से संघर्ष कर रही है। अब इस संघर्ष का अंत होना चाहिए।
पीएम ने न खुद चाय पी न लोगों को पिलाई
मोतिहारी में लोगों को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने उन सभी पहलुओं को छुआ जो प्रदेश, देश व स्थानीय स्तर के थे। प्रियंका ने मोतिहारी चीनी मिल के मुद्दे को मंच से उठाते हुए कहा अभी सांसद पप्पू यादव बता रहे थे। पहली बार जब मोदी जी यहां आएं थे तो उन्होंने कहा था मोतिहारी चीनी मिल की चीनी से बनी चाय पिएंगे, लेकिन न तो उन्होंने खुद चाय पी और न ही किसी को चाय पिलाई। भीड़ से सवाल करते हुए कहा, आपने चाय पी। जवाब मिला नहीं।